Click Here for Free Matrimonial Registration at Jain4Jain.com   Get Premuim Membership to Contact Profiles   

Shri Mahaveer Jin Pooja (Bharil) / श्री महावीर-जिन पूजन(भारिल्ल)

पं. हुकमचन्द भारिल्ल

(हरिगीतिका)

जो मोह माया मान मत्सर, मदन मर्दन-वीर हैं |
जो विपुल विघ्नों बीच में भी, ध्यान-धारण-धीर हैं ||
जो तरण-तारण भव-निवारण, भव-जलधि के तीर हैं |
वे वन्दनीय जिनेश, तीर्थंकर स्वयं महावीर हैं ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर जिनेन्द्र! अत्र अवतर! अवतर! संवौषट्!
ॐ ह्रीं श्री महावीर जिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ! तिष्ठ! ठ:! ठ:!
ॐ ह्रीं श्री महावीर जिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव! भव! वषट्!

जिनके गुणों का स्तवन पावन करन अम्लान है |
मल हरन निर्मल करन भागीरथी नीर-समान है ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्यु-विनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

लिपटे रहें विषधर तदपि चन्दन विटप निर्विष रहे |
त्यों शान्त शीतल ही रहो रिपु विघन कितने ही करें ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय संसारताप-विनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

सुख-ज्ञान-दर्शन वीर जिन अक्षत समान अखंड हैं |
हैं शान्त यद्यपि तदपि जो दिनकर समान प्रचण्ड हैं ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय अक्षयपद-प्राप्तये अक्षतं निर्वपामीति स्वाहा।

त्रिभुवनजयी अविजित कुसुमशर-सुभट मारन सूर हैं |
पर-गन्ध से विरहित तदपि निज-गन्ध से भरपूर हैं ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय कामबाण-विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

यदि भूख हो तो विविध व्यंजन मिष्ट इष्ट प्रतीत हों |
तुम क्षुधा-बाधा रहित जिन! क्यों तुम्हें उनसे प्रीति हो ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय क्षुधारोग-विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

युगपद्-विशद्-सकलार्थ झलके नित्य केवलज्ञान में |
त्रैलोक्य-दीपक वीर-जिन दीपक चढ़ाऊँ क्या तुम्हें ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय मोहांधकार-विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

जो कर्म-ईंधन दहन पावक पुंज पवन समान हैं |
जो हैं अमेय प्रमेय पूरण ज्ञेय ज्ञाता ज्ञान हैं ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय अष्टकर्म-दहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा ।

सारा जगत फल भोगता नित पुण्य एवं पाप का |
सब त्याग समरस-निरत जिनवर सफल जीवन आपका ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय मोक्षफल-प्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा ।

इस अर्घ्य का क्या मूल्य! अनर्घ्य पद के सामने |
उस परम-पद को पा लिया हे! पतितपावन आपने ||
संतप्त-मानस शान्त हों जिनके गुणों के गान में |
वे वर्द्धमान महान जिन विचरें हमारे ध्यान में ||
ॐ ह्रीं श्री महावीर-जिनेन्द्राय अनर्घ्यपद-प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।

पंच-कल्याणक अर्घ्य

(सोरठा छन्द)

सित छटवीं आषाढ़, माँ ​त्रिशला के गर्भ में |
अन्तिम गर्भावास, यही जान प्रणमूँ प्रभो ||
ॐ ह्रीं आषाढ़शुक्ल षष्ठ्यां गर्भमंगलमण्डिताय श्रीमहावीरजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।

तेरस दिन सित चैत, अन्तिम जन्म लियो प्रभू |
नृप सिद्धार्थ निकेत, इन्द्र आय उत्सव कियो ||
ॐ ह्रीं चैत्रशुक्ल त्रयोदश्यां जन्ममंगलमण्डिताय श्रीमहावीर जिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।

दशमी मंगसिर कृष्ण,वर्द्धमान दीक्षा धरी |
कर्म कालिमा नष्ट, करने आत्मरथी बने ||
ॐ ह्रीं मार्गशीर्ष-कृष्ण-दशम्यां तपोमंगलमण्डिताय श्री महावीर जिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।

सित दशमी वैसाख, पायो केवलज्ञान जिन |
अष्ट द्रव्यमय अर्घ्य, प्रभुपद पूजा करें हम ||
ॐ ह्रीं वैशाख-शुक्ल-दशम्यां ज्ञानमंगलमण्डिताय श्री महावीर जिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

कार्तिक मावस श्याम, पायो प्रभु निर्वाण तुम |
पावा तीरथधाम, दीपावली मनायं हम ||
ॐ ह्रीं कार्तिक-कृष्ण-अमावस्यां मोक्षमंगलमण्डिताय श्रीमहावीर जिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

(दोहा)

यद्यपि युद्ध नहीं कियो, नाहिं रखे असि-तीर |
परम अहिंसक आचरण, तदपि बने महावीर ||

(पद्धरि छन्द)

हे! मोह-महादल-दलन-वीर, दुर्द्धर तप-संयम-धरण धीर |
तुम हो अनन्त आनन्दकन्द, तुम रहित सर्व जग दंद-फंद ||

अघहरण-करन मन-हरनहार, सुख-करन हरण-भवदुख अपार |
सिद्धार्थ तनय तन रहित देव, सुर-नर-किन्नर सब करत सेव ||

मतिज्ञान रहित सन्मति जिनेश, तुम राग-द्वेष जीते अशेष |
शुभ-अशुभ राग की आग त्याग, हो गये स्वयं तुम वीतराग ||

षट्द्रव्य और उनके विशेष, तुम जानत हो प्रभुवर अशेष |
सर्वज्ञ वीतरागी जिनेश, जो तुम को पहिचानें विशेष ||

वे पहिचानें अपना स्वभाव, वे करें मोह-रिपु का अभाव |
वे प्रगट करें निज-पर-विवेक, वे ध्यावें निज शुद्धात्म एक ||

निज आतम में ही रहें लीन, चारित्र-मोह को करें क्षीण |
उनका हो जाये क्षीण राग, वे भी हो जायें वीतराग ||

जो हुए आज तक अरीहन्त, सबने अपनाया यही पंथ |
उपदेश दिया इस ही प्रकार, हो सबको मेरा नमस्कार ||

जो तुमको नहिं जाने जिनेश, वे पायें भव-भव-भ्रमण क्लेश |
वे माँगें तुमसे धन समाज, वैभव पुत्रादिक राज-काज ||

जिनको तुम त्यागे तुच्छ जान, वे उन्हें मानते हैं महान |
उनमें ही निशदिन रहें लीन, वे पुण्य-पाप में ही प्रवीन ||

प्रभु पुण्य-पाप से पार आप, बिन पहिचाने पायें संताप |
संतापहरण सुखकरण सार, शुद्धात्मस्वरूपी समयसार ||

तुम समयसार हम समयसार, सम्पूर्ण आत्मा समयसार |
जो पहिचानें अपना स्वरूप, वे हों जावें परमात्मरूप ||

उनको ना कोर्इ रहे चाह, वे अपना लेवें मोक्ष राह |
वे करें आत्मा को प्रसिद्ध, वे अल्पकाल में होयं सिद्ध ||

ॐ ह्रीं श्री महावीरजिनेन्द्राय अनर्घ्यपद-प्राप्तये जयमाला-पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।

(दोहा)

भूतकाल प्रभु आपका, वह मेरा वर्तमान |
वर्तमान जो आपका, वह भविष्य मम जान ||
|| पुष्पांजलिं क्षिपेत् ||