Click Here for Free Matrimonial Registration at Jain4Jain.com   Get Premuim Membership to Contact Profiles   

Shri Rishabhdev Jin Pooja (Ranila) / श्री ऋषभदेव जिन पूजा (रानीला)

कविश्री ताराचंद ‘प्रेमी’

हे कर्मभूमि के अधिनायक, जग-जन के जीवन-ज्योतिधाम |
वाणी में श्रुत-जिनवाणी का, झरता अविरल अमृत ललाम ||
हे परमशांत जिन वीतराग! दाता जग में अक्षय-विराम |
हे रानीला के ऋषभदेव! चरणों में हो शत-शत प्रणाम ||
हे कृपासिन्धु करुणानिधान, जीवन में समताभाव भरो |
आओ तिष्ठो मम अंतर में, हे आदि प्रभो! हे आदि प्रभो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेव जिनेन्द्र! अत्र अवतर! अवतर! संवौषट् (आह्वाननम्)!
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेव जिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ! तिष्ठ! ठ:! ठ:! (स्थापनम्)!
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेव जिनेन्द्र!अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्! (सन्निधिकरणम्)!

हे देव! हमारे मन के, कलुषित भावों को निर्मल कर दो |
अंतर में पावन भक्ति-सुधा, का शीतल निर्मल-जल भर दोI |
कितने ही जीवन जीकर भी, संतप्त भटकता आया हूँ |
जल अर्पित करके चरणों में, प्रभु परम-पदारथ पाया हूँ |
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो |
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्यु-विनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा ।१।

रानीला की पावन माटी में, प्रकट भए जिनवर स्वामी |
पग थिरक उठे जय गूँज उठी, जय ऋषभदेव अंतरयामी |
चंदन की गंध सुगंध लिए, आताप मिटाने आया हूँ |
तेरे चरणों की पूजा से मैं, परम-पदारथ पाया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेव जिनेन्द्राय संसारताप-विनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा ।२।

तंदुल कर में लेकर आया, अक्षय विश्वास लिए उर में |
श्रद्धा के सुन्दर-भाव जगे, भक्ति के गीत भरे स्वर में ||
भव-भव में भटका व्याकुल-मन अक्षय-पद पाने आया हूँ |
आदीश्वर! तेरी पूजा से, मैं परम-पदारथ पाया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय अक्षयपद-प्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा ।३।

संसार असार विनश्वर है, फिर भी ये विषय सताते हैं |
चहुँगति के घोर अंधेरे में, भव-प्राणी को भटकाते हैं ||
मम काम-कषाय मिटाने को, ये पुष्प सुगंधित लाया हूँ |
हे ऋषभ! तुम्हारी पूजा से, मैं परम-पदारथ पाया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय कामबाण-विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा ।४।

अगणित व्यंजन खा लेने पर, भी मिटी न मन की अभिलाषा |
ये क्षुधा-वेदनी कर्मों की, कैसी है जिनवर परिभाषा ||
हो जन्म-जन्म की क्षुधा शांत, नैवेद्य भावना लाया हूँ |
आदीश्वर! तेरे चरणों में, शाश्वत-सुख पाने आया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय क्षुधारोग-विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा ।५।

है मोह-तिमिर का अंधकार, अंतर में दीप जलाऊँगा |
भव-बंध कटे आलोक जगे, भावों की ज्योति जगाऊँगा |
यह दीप समर्पण करके मैं, मिथ्यात्व मिटाने आया हूँ |
आदीश्वर! तेरे चरणों में, शाश्वत-सुख पाने आया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय मोहांधकार-विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा ।६।

भोगों में ऐसा भ्रमित रहा, पल भर स्थिर नहीं हो पाया |
मिथ्या-मति से भव-भव घूमा, समता रस पान न कर पाया |
यह धूप दहन करके भगवन्, भव-कर्म जलाने आया हूँ |
आदीश्वर तेरे चरणों में, शाश्वत-सुख पाने आया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय अष्टकर्म-दहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा ।७।

फल अर्पित कर फल पाऊँगा, फल मोक्ष-महाफलदायी है |
फल से ही शुभ-जीवन मिलता, निष्फल-जीवन दु:खदायी है ||
फल-अंजु समर्पण करके मैं, वरदान मुक्ति का पाऊँगा |
चरणों की पूजा से जिनेन्द्र, फिर परम-पदारथ पाऊँगा ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय मोक्षफल-प्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा ।८।

मन और वचन, हे वीतराग प्रभु! अष्ट-द्रव्य से अर्घ्य बना |
पावन तन-मन अरु भाव शुद्ध, चरणों में अर्पित नेह बढ़ा ||
होगा अनंत-सुख प्राप्त मुझे, विश्वास हृदय में लाया हूँ |
तेरे चरणों की पूजा से, मैं परम-पदारथ पाया हूँ ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री ऋषभदेवजिनेन्द्राय अनर्घ्यपद-प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।९।

आसोज-सुदी-दशमी के दिन, रानीला-वासी धन्य हुए |
प्रमुदित हों जय-जयकार करें, जब आदि प्रभु जी प्रकट भये |
चहुँदिश से भक्तजन आकर के चरणों में अर्घ्य चढ़ाते हैं |
दुख रोगशोक भय सब तजकर, निजजीवन सफल बनाते हैं ||
हे अतिशयकारी ऋषभदेव! मेरे अंतर में वास करो |
हे महिमा-मंडित वीतराग! जीवन में पुण्य-प्रकाश भरो ||
ॐ ह्रीं श्री देवा​धिदेव भगवान ऋषभदेव आसौज शुक्ल दशमी को चौबीस भगवान सहित प्रगटे, तिन्हें अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।१०।

पंचकल्याणक-अर्घ्यावली

(दोहा)

अवधिज्ञान से इन्द्र ने, लिया हृदय में जान |
देव अयोध्या को चले, पूजें गर्भ-कल्याण ||

(गीता छन्द)

मरुदेवी माँ के महल, मंगलाचार सखियाँ गा रहीं |
गरिमा अयोध्यानगर की, लख चाँदनी शरमा रही ||
रत्नों की वरषा हो रही, नृप-नाभि हर्षित हो रहे |
जिनराज मंगल-जन्म के, शुभ-चिह्न अंकित हो रहे ||
ॐ ह्रीं आषाढ़कृष्ण-द्वितीयायां गर्भमंगल-मंडिताय श्री आदिनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।१।

नगर अयोध्या में हुआ, आदि-प्रभु अवतार |
हर देहरी दीपावली, घर-घर मंगलाचार ||
जब प्रथम तीर्थंकर ऋषभ की, सृष्टि में जय-जय-जय हुई |
शचि बाल-जिनवर छवि निरखति, मुदित मन हर्षित हुई ||
सौधर्म प्रभु के जन्म-मंगल, का सुयश गाने लगा |
आनंदमय अनुभूति की, रस-वृष्टि बरसाने लगा ||
ॐ ह्रीं चैत्रकृष्ण-नवम्यां जन्ममंगल-मंडिताय श्री आदिनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।२।

अंत देख नीलांजना का, जागृत हुआ विराग |
चले सम्पदा तज श्रमण, राज-काज सब त्याग ||
वैराग्य की आई घड़ी, जिन-ऋषभ जब वन को चले |
कंठों से जय-जयकार गूँजी, साधना-दीपक जले ||
षट्-मास बीते वन में, तप का प्रबल-साम्राज्य था |
पशु-पक्षियों की भावना में, भी विरक्ति-विभाव था ||
ॐ ह्रीं चैत्रकृष्ण-नवम्यां तपोमंगल-मंडिताय श्री आदिनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।३।

तभी ज्ञान-दीपक जले, धवल हुआ भूलोक |
कण-कण में विचरित हुआ, दिवा-दिव्य आलोक ||
कैवल्य की किरणें जगीं, निर्झर स्वयं झरने लगे |
अरिहंत-जिन आराधना, सुर-असुर सब करने लगे ||
वाणी में जनकल्याण का, सत्यं-शिवं संदेश था |
ये सकल अर्हन्त-परमात्मा, न राग था न द्वेष था ||
ॐ ह्रीं फाल्गुनकृष्ण-एकादश्यां केवलज्ञान-मंडिताय श्री आदिनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।४।

बढ़े मुक्तिपथ पर चरण, गिरि-कैलाश सुथान |
ऋषभ-जिनेश्वर ने जहाँ, पाया पद-निर्वाण ||
हिम-सा प्रखर कैलाशगिरि, छू चरण पावन हो गया |
जिन-आदि का वह सत्य शाश्वत-स्वर सनातन हो गया ||
संसार को कर्त्तव्य-पथ का, ज्ञान विकसित हो गया |
जिन-आदिब्रह्मा-आदिशिव, अविकार-जिनवर हो गया ||
ॐ ह्रीं माघकृष्ण-चतुर्दश्यां मोक्षमंगल-मंडिताय श्री आदिनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा ।५।

जयमाला

(दोहा)

नाभिराय-नंदन सदा, वंदन करूँ त्रिकाल |
भव-भव की पीड़ा हरो, मरुदेवी के लाल ||

(चौबोला छन्द)

हे जन-जीवन के युग-दृष्टा, समतादाता जिन-प्रथम देव |
संस्कृति-सृष्टि के उन्नायक, पुरुषार्थ साध्य-साधन-विवेक ||

जिन-ऋषभ तुम्हारी वाणी का, सर्वत्र गूँजता चमत्कार |
जन-जन जीवन के सूत्रधार, प्रणमें जिन-चरनों बार-बार ||

हे आदि-विधाता तुमने ही, असि मसि कृषि का वरदान दिया |
वाणिज्य शिल्प विद्या-विवेक, जीवन का अनुपम-ज्ञान दिया ||

हे नाभिराय के पुत्ररत्न, माँ मरुदेवी के मुदित भाल |
हे प्रथम जिनेश्वर तीर्थंकर, मुक्तिपथ के पंथी विशाल ||

हे तीन लोक के जननायक, सर्वज्ञदेव जिन वीतराग |
हे मानवता के मुक्तिदूत, अंतर में उभरे अमर राग ||

हित-मित वचनों को हे जिनेश! नियति सदा दोहरायेगी |
हे परमपिता! हे परम ईश! यह प्रकृति सदा गुण गाएगी ||

रानीला की माटी में जिन-प्रतिमा प्रगटी अतिशयकारी |
आकर्षक सुन्दर वीतराग-छवि, लगती है मन को प्यारी ||

प्रस्तर में जैसे शिल्पी ने, छैनी से प्राण फूँक डाले |
तेईस तीर्थंकर साथ बीच में, ऋषभ जगत् के रखवाले ||

इतना प्रभाव! दर्शन करके, सब पाप-कर्म कट जाते हैं |
जो भी रानीला जाते हैं, मनवाँछित-फल पा जाते हैं ||

सम्पूर्ण देश में ऐसी मन-मोहक प्रतिमा कहीं ना पाती है |
थोड़ा-सा ध्यान लगाते ही, वो अपने आप बुलाती है ||

(चौपाई छन्द)

प्रथम आदि-जिन आदि-विधाता, कर्मभूमि के ज्ञायक ज्ञाता |
दिया सृष्टि को दिव्य-दिवाकर, ज्ञानपुंज हे! ज्ञानसुधाकर ||

धरम-धरा के जन-उन्नायक, मोक्ष-पंथ के शिव जिन-नायक |
प्रथम तीर्थस्वामी तीर्थंकर, नमूँ नमूं जिन ऋषभ-जिनेश्वर ||

पावन पुण्यभूमि हरियाणा, रानीला है ग्राम सुहाना |
प्रीति परस्पर जन-मन-भावन, जहाँ बन गई माटी चंदन ||

चमत्कार था विस्मयकारी, चकित रह गए सब नर-नारी |
उदित हुआ माटी में सोना, जैसे सुन्दर पुष्प सलौना ||

प्रगट भये जिन अतिशयकारी, बाल-चन्द्रमा-सी छवि प्यारी |
नृत्य करें जन नंदन-कानन, हर्षित इन्द्रों के इन्द्रासन ||

शोर मच गया हर जन-मन में, गूँजी जय-जयकार भुवन में |
हर जन-मन दर्शन को आया, मनचाहा फल उसने पाया ||

जो भी नियमपूर्वक ध्यावे, रोग-शोक-संकट कट जावे |
तारा ‘प्रेमी’ दास तुम्हारा, जन्म-जरा से हो निस्तारा ||

(धत्तानंद)

आदीश्वर स्वामी, त्रिभुवननामी, कोटि नमामि जगख्याता |
हे पाप-निवारक, जन-उद्धारक, शिवमग-धारक पथ-ज्ञाता ||
ॐ ह्रीं श्री आदिनाथजिनेन्द्राय जयमाला-पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(दोहा)

ऋषभ-चरण वन्दन करें, नित-प्रति सकल समाज |
भक्ति-भाव आराधना, सिद्ध होंय सब काज ||
।। इत्याशीर्वाद: पुष्पांजलिं क्षिपेत् ।।